संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। गर्मी और उमस से परेशान सैकड़ों लोग चिनाब दरिया किनारे पहुंच रहे हैं। गर्मी से निजात पाने के लिए वहां लोगों का तांता लगा हुआ है। चिनाब दरिया किनारे कई लोगों को बैठने की जगह भी नहीं मिल रही। एक सप्ताह से रोज बड़ी संख्या में चिनाब दरिया किनारे पर्यटकों की आवाजाही हो रही है।
गर्मी के कारण अखनूर के बाजारों और मुख्य सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम रही। बाजारों में दुकानदारों ने छुट्टियों कर रखी हैं। इसलिए, कई लोग सपरिवार ठंंडे पहाड़ी इलाकों में गए हैं। शनिवार को सुबह से ही गर्मी और उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसलिए, कई लोग गर्मी से निजात पाने के लिए चिनाब दरिया किनारे पिकनिक मनाने गए। जम्मू से परिवार सहित चिनाब दरिया के जिया पोता घाट पर आए राहुल कुमार का कहना है एक सप्ताह से बारिश नहीं होने के कारण क्षेत्र में गर्मी और उमस से बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में चिनाब किनारे आने पर राहत मिली है। स्थानीय सीमा देवी ने बताया एक सप्ताह से गर्मी से परेशान हैं। दरिया राहत दे रहा है।