संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बरसात के मौसम में होने वाले जल भराव की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद ने अपनी कवायद शुरू कर दी है। शनिवार को परिषद की टीम ने शहर के पारलीवंड स्थित वार्ड 10 में जेसीबी मशीन की मदद से बंद पड़े नाले को साफ कराया। इसी तरह पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में सफाई कर्मचारियों की मदद से नालियों की सफाई कराई गई।
इस बारे में नगर परिषद का प्रभार देख रहे सीईओ जोधराज ने बताया कि गत दिनों परिषद की हाउस मीटिंग के दौरान नालों की सफाई का मुद्दा उठा था। जिसमें शहर के सभी नालों की सफाई करवाने का फैसला हुआ था। अब कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जहां खुले नाले हैं वहां जेसीबी की मदद ली जा रही है। जबकि छोटी नालियों व कवर्ड ड्रेन को सफाई कर्मियों से साफ करवाया जा रहा है। इसके अलावा परिषद खराब पड़ी सेक्शन मशीन को ठीक करा रहा है, जो कि आगे चलकर कवर्ड ड्रेन को साफ करने में इस्तेमाल की जाएगी। आपको बता दें कि शहर के कोर्ट रोड, अंबेडकर चौक, मुख्य बाजार, वार्ड 10 को जाने वाला मार्ग व कॉलेज रोड जैसे कुछ ऐसे स्थान है जहां पानी की निकासी न होने के कारण हल्की बारिश के बाद भी जलभराव हो जाता है। इसके अलावा हाईवे की ओर से आने वाला पानी भी पटेलनगर, कृष्णा कॉलोनी, वार्ड 21, और वार्ड 14 में लोगों के लिए हर साल परेशानी का सबब बनता है।