श्रीनगर। गर्मी का सितम जारी है। शुक्रवार को येलो अलर्ट के बीच दोपहर को तेज धूप रही, जिससे सड़कें सूनी नजर आईं। वीरवार को श्रीनगर में सीजन का सबसे अधिक तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7.8 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक है।
घाटी में गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। कश्मीर में सबसे अधिक तापमान श्रीनगर में रहा। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7.9 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.7 ज्यादा है। पहलगाम में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 6.6 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री रहा जो सामान्य से 7.4 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रहा जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक है।
जम्मू में दिन में राहत, रात में उमस
जम्मू में शुक्रवार को दिन में गर्मी से थोड़ी राहत मिली जबकि रात में उमस रही। यहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। कटरा में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है।
छेड़छाड़ ने प्रकृति को किया नाराज
श्रीनगर के पर्यावरण विद एजाज हुसैन का कहना है कि अपने मूल रूप से छेड़छाड़ से नाराज प्रकृति मनुष्य को अपना गुस्सा दिखा रही है। पहाड़ों और जंगलों को काटकर सड़कें बनाई जा रही हैं। हिमस्थलों पर मशीनों, वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। प्रदूषण औैर प्लास्टिक कचरा भी नुकसान पहुंचा रहा है। इसी का नतीजा है कि इस बार गर्मी और बढ़ी है। वीरवार को श्रीनगर में पारा 34.4 डिग्री रहा। यह 133 साल में मई का तीसरा सबसे गर्म दिन था। इससे पहले 24 मई 1968 को 36.4 डिग्री और 31 मई 1956 को 35.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।