पौनी। जम्मू-कश्मीर की वॉलीबॉल टीम ने पटना में आयोजित खेलो इंडिया गेम्स में स्वर्ण पदक जीत इतिहास बनाया। टीम में तहसील पौनी के करण राजपूत भी हिस्सा रहे। मंगलवार को तहसीलदार साहिल रंधावा ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। यह हम सब के लिए बहुत गर्व का पल है।
करण राजपूत ने बताया कि वॉलीबॉल खेलने के साथ ही उन्होंने पढ़ाई भी जारी रखी है। उन्हें खुशी है कि वह जम्मू-कश्मीर वॉलीबॉल टीम का हिस्सा रहे। पूरी टीम ने कड़ी मेहनत की। यह उपलब्धि न केवल केंद्र शासित प्रदेश को गौरव दिलाती है बल्कि क्षेत्र में वॉलीबॉल की बढ़ती लोकप्रियता को भी उजागर करती है। वह आगे चल कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के लिए खेलना चाहते हैं।
तहसील कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में करण राजपूत के साथ उनके पिता कुलदीप सिंह, स्थानीय निवासी दीदार सिंह,पूर्व सरपंच प्रकाश सिंह, विकास गंडोत्रा,भोली देवी, मदन मोहन, उपेंद्र पाल सिंह इस अवसर पर मौजूद रहे।