गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को जम्मू-कश्मीर दौर पर जम्मू पहुंचेंगे। इसे लेकर जम्मू में हाई अलर्ट जारी किया गया है। बॉर्डर से लेकर शहर तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। वह जम्मू के तकनीकी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां से सीधे कन्वेंशन सेंटर जाएंगे। इसे देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर कन्वेंशन सेंटर तक के 7 किलोमीटर के दायरे में 15 चेकप्वाइंट के साथ 2 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
पिछले 4 दिन में उधमपुर, कश्मीर में आतंकी हमले, पुंछ में आईईडी बरामदगी जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। रविवार को श्रीनगर में पुलिस नाके पर हमला किया गया। इसे देखते हुए जम्मू के लखनपुर से लेकर बारामुला तक सुरक्षा बढ़ाई गई है।
जानकारी के अनुसार पूरे प्रदेश की पुलिस को अलर्ट किया गया है। खासकर कठुआ, सांबा, जम्मू, राजोरी-पुंछ, उधमपुर, श्रीनगर, बारामुला जिला पुलिस की ओर से रविवार को जगह जगह तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई।
शाह के दौरे को देखते हुए कन्वेंशन सेंटर जम्मू और सर्किट हाउस को छावनी में तबदील कर दिया गया है। रविवार को डीजीपी दिलबाग सिंह, एडीजीपी मुकेश सिंह, डीआईजी विवेक गुप्ता, एसएसपी चंदन कोहली समेत कई पुलिस अधिकारियों ने कन्वेंशन सेंटर और सर्किट हाउस का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। करीब एक हजार जवानों को सर्किट हाउस और कन्वेंशन सेंटर की सुरक्षा में लगाया गया है।