रसोई गैस की होम डिलीवरी के लिए उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन चुनाव में व्यस्त है और एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर मस्त हो गए हैं। आलम यह है कि उपभोक्ताओं को 48 घंटे के भीतर रसोई गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए शुरू किए आईवीआरएस (इंटरेक्टिव वायर रिस्पांस सिस्टम) से बुकिंग करवाने पर भी समय पर होम डिलीवरी नहीं हो रही है।
एचपी डिस्ट्रीब्यूटरों हों, इंडेन या अन्य किसी एजेंसी के, हर जगह होम डिलीवरी के लिए उपभोक्ताओं को परेशानी आने की सूचनाएं मिल रही हैं। उपभोक्ता राजेश कुमार ने बताया कि आईवीआरएस सिस्टम से उन्होंने 11 नवंबर को बुकिंग करवाई थी, लेकिन अब तक रसोई गैस की होम डिलीवरी नहीं हुई है। ऐसी ही समस्या संजय कुमार, रमण गुप्ता ने भी बताई है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर होम डिलीवरी नहीं होने की वजह से लोगों को ब्लैक में सिलेंडर लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं उपभोक्ता और जन वितरण विभाग के निदेशक जीएस चिब का कहना है कि अगर ऐसा है तो यह काफी गंभीर मसला है।
नियामक एजेंसी होने के नाते उपभोक्ता और जन वितरण विभाग सभी एजेंसियों के डिस्ट्रीब्यूटरों की बैठक बुलाएगा और समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए सख्त हिदायतें जारी की जाएंगी।