जम्मू। पहले हारून और अब ताहिर और मसूद के लिए काम करने वाले आतंकी तनवीर अहमद को सुरक्षाबलों ने दबोच लिया है। पिछले छह महीने से यह हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहा था। मंगलवार को पुख्ता सूचना के आधार पर एसओजी और सेना ने मिलकर इसे डोडा के शेखपुरा गांव से पकड़ा। इसके पास से एक चाइनीज पिस्टल और इसके 10 कारतूस बरामद हुए है। जम्मू के आईजी मुकेश सिंह ने बताया कि तनवीर अहमद डोडा जिले के गांव टंटाना का रहने वाला है। छह महीने पहले ही यह हिजबुल मुजाहिदीन के साथ जुड़ा था। पहले से आतंकी हारून के लिए काम करता था। हारून को मौजूदा वर्ष जनवरी महीने में ही सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। इसके बाद यह आतंकी ताहिर और मसूद के लिए काम करने लगा। इस समय आतंकी ताहिर पुलवामा में सक्रिय है और मसूद डोडा जिले में सक्रिय है। पुख्ता सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह 7 बजे एसओजी, सेना की आर आर 33 और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में इसे पकड़ा गया। वह एक आतंकी ठिकाने में छुपा हुआ था। जिसे पकड़ लिया गया है। आगे की पूछताछ जारी है। निश्चित तौर पर ही यह अपने साथियों के साथ मिलकर डोडा और किश्तवाड़ जिले में किसी हमले की फिराक में था। वह आतंकियों के लिए रहने, खाने पीने और अन्य तरह की व्यवस्थाएं करके देता था।