जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुपवाड़ा जिले में गुरुवार को आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सक्रिय सदस्यों के मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए इसके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सक्रिय सदस्यों के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है जो कुपवाड़ा के लोलाब इलाके से संचालित हो रहा था।
उन्होंने बताया कि सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने लोलाब के टेकीपुरा के निवासी - शाकिर अहमद वानी और गुलाम मुस्तफा शेख को हिरासत में लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि यह मॉड्यूल आतंकवादियों को साजो-सामान उपलब्ध कराने के अलावा युवाओं को आतंकवाद की राह पर चलने का लालच देने का काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि दोनों से पूछताछ के बाद एक पिस्तौल बरामद की गई। मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।