बारामुला। लॉकडाउन के कारण घरों में फंसे कुछ परिवारों ने सीआरपीएफ की कोविड 19 टीम को फोन कर मदद मांगी और कहा कि उनके पास आवश्यक खाद्य सामग्री नहीं है। जानकारी मिलते ही सीआरपीएफ की 53वीं बटालियन की टीम ने उनके बारे में पता कर तत्काल खाद्य सामग्री मुहैया करवाई।
अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ ने कोरोना संकट के दौरान एक हेल्पलाइन स्थापित की है। शुक्रवार को इस पर कुछ परिवारों ने मदद की गुहार लगाई थी। बताया कि वह लॉकडाउन के कारण कई दिनों से घर में फंसे हुए हैं उनके पास खाने के साथ अन्य जरूरी सामान भी नहीं है। सीआरपीएफ ने परिवारों का पता किया तो पाया कि वह बीपीएल श्रेणी में आते हैं और वास्तव में जरूरतमंद हैैं। इस पर अधिकारियों ने ततकाल उन्हें राशन, दूध, बिस्कुट, मास्क और अन्य सामग्री मुहैया करवाई। यह परिवार बारामुला के सालटंग और शीरी क्षेत्र के थे।