संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। डोगरा समाज ट्रस्ट महाराष्ट्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुविधा के लिए मुंबई में डोगरा भवन के निर्माण और स्वराज एक्सप्रेस ट्रेन के फेरे बढ़ाने सहित कई प्रमुख मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
संस्था के कोषाध्यक्ष शाम सलारिया ने बताया कि जम्मू-कश्मीर से बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा के लिए मुंबई जाते हैं। आर्थिक परेशानियों और महंगा शहर होने के बीच उन्हें जम्मू कश्मीर के अपने डोगरा भवन होने से लाभ मिल सकता है। कहा कि गंभीर बीमारियों, विशेषकर कैंसर के इलाज के लिए मरीज व उनके तीमारदार मुंबई जाते हैं। वहां ठहरने की उचित व्यवस्था न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि मुंबई में डोगरा भवन का निर्माण होता है, तो यह जरूरतमंद मरीजों, छात्रों और महाराष्ट्र में कार्यरत लगभग 50 हजार श्रमिकों के लिए अत्यंत मददगार साबित होगा। जम्मू प्रांत के विभिन्न जिलों से श्रमिक मुंबई में काम के सिलसिले में जाते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि केंद्र सरकार इस संबंध में महाराष्ट्र सरकार को भूमि व सहयोग उपलब्ध कराने के लिए औपचारिक अनुशंसा पत्र लिखे।
इनसेट
स्वराज एक्सप्रेस सप्ताह में सभी दिन चलाई जाए,हीरानगर में दो मिनट का हो ठहराव
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रेल कनेक्टिविटी को लेकर भी महत्वपूर्ण मांग रखी। उन्होंने डॉ. जितेंद्र सिंह से अपील की कि स्वराज एक्सप्रेस को सप्ताह के सातों दिन नियमित रूप से चलाया जाए और हीरानगर रेलवे स्टेशन पर इसका दो मिनट का आधिकारिक ठहराव सुनिश्चित किया जाए। ताकि कठुआ और आसपास के यात्रियों को सीधी सुविधा मिल सके। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित मंत्रालयों व राज्य सरकार के स्तर पर इन विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष गुलशन शर्मा, संयुक्त सचिव देव राज शर्मा, सलाहकार व ट्रस्टी निधि शर्मा प्रमुख रूप से शामिल थे।