घाटी के कई हिस्सों में दिन का पारा बीस डिग्री के ऊपर चला गया है।
- फोटो : PTI
रियासत में वीरवार देर शाम से मौसम ने रंग बदलना शुरू कर दिया। राज्य के कई हिस्सों में हल्के बादल छा गए। मौसम विभाग की भविष्यवाणी में शुक्रवार को राज्य के तीनों खित्तों में हल्की बारिश हो सकती है।
जबकि 12 से 13 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसका असर 15 मार्च तक रहेगा। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खराब मौसम की मार पड़ सकती है। इस बीच घाटी के कई हिस्सों में दिन का पारा बीस डिग्री के ऊपर चला गया है।
अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 7-9 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। न्यूनतम तापमान माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ लेह सबसे सर्द रहा। रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से सात डिग्री अधिक 20.5, काजीगुंड में सात डिग्री अधिक 21.5, श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में आठ डिग्री अधिक 19.1 रहा।
गुलमर्ग में छह डिग्री अधिक 10, लेह में 14.7 डिग्री सेल्सियस रहा। कारगिल में अधिकतम तापमान 11.7 व न्यूनतम तापमान माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में दिन का पारा सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.7, श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में तीन डिग्री अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।