पाकिस्तान ने रविवार को कुछ दिनों की शांति के बाद जिले के शाहपुर सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहाइशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। इसकी चपेट में आने से दो बच्चियों सहित तीन ग्रामीण घायल हो गए। कई मकानों को नुकसान पहुंचा। पाकिस्तानी सेना की इस नापाक हरकत का सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। देर रात तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी थी।
गोलाबारी में घायल होने वालों की पहचान मरियम बशीर (11) पुत्री बशीर निवासी गांव कनकोट, रजिया बी पुत्री नजीर हुसैन और अकबर हुसैन पुत्र शाह मोहम्मद निवासी गांव काइयां शाहपुर के रूप में हुई है। देर शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक सीमा पार से जिले के शाहपुर, कीरनी, कस्बा, गूंतरियां, मंदार और इस्लामाबाद आदि ग्रामीण क्षेत्रों और सेना की चौकियों को निशाना बना कर मोर्टार और गोले दागने शुरू कर दिए।
इसके बाद सेना ने भी जोरदार तरीके से जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान कई किलोमीटर दूर तक गोलों के फटने से उठने वाला धुआं और धमाकों की आवाज सुनाई देने लगी। जो देर रात तक जारी रही।