उधर, राजोरी जिले के कोटरंका सब डिवीजन के बुद्धल, कंडी, केवल, ख्वास, कंगोटा, केरी, पीड़ि, थन्नामंडी, मंजाकोट में तीन दर्जन के करीब मकान ढह गए हैं जबकि इससे भी अधिक मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है। लोगों ने प्रशासन के बनाए अस्थायी शेल्टर में पनाह ली है या फिर किसी रिश्तेदार के घर पनाह ली है। राजोरी-जम्मू हाईवे स्थित कालिधार चौकी चोरा क्षेत्र में पस्सियां गिरने से यातायात ठप हो गया। लोगों को कड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लगातार हुई बारिश से राजोरी के कई इलाकों में बिजली रात से ही गुल है जबकि राजोरी शहर और आसपास के इलाकों में बिजली की आंखमिचौली जारी है। राजोरी के सुंदरबनी तहसील में एक मकान के गिरने से सुंदरबनी के टांडा (कांगड़ी) निवासी सीता देवी (50) और उनकी बेटी सोनिया (23) की मौत हो गई।
वहीं राजोरी शहर के श्री दुधाधारी आश्रम के पास भारी भूस्खलन हुआ और काफी जमीन को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते वहां पर बनाए गए फॉरेस्ट विभाग के भवन को भी नुकसान पहुंचा और भवन ढहने की कगार पर है।
उधर, राजोरी शहर और पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण राजोरी शहर में बहने वाली सुखतो नदी का जलस्तर रात को ही काफी बढ़ गया था। इसके बाद डीसी अभिषेक शर्मा और एसएसपी गौरव सिवरकर ने अधिकारियों के साथ झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और उन्हें मंदिरों और मस्जिदों में स्थानांतरित कर दिया था। डीसी और एसएसपी ने बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण कर सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए भूस्खलन को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि भारी बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए जिले भर में टीमें तैनात की गई हैं।
जम्मू संभाग कई जिलों में दूरसंचार और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित
जम्मू संभाग में 5 सितंबर तक सरकारी व निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। अखनूर तहसील के चौकी चौरा में भारी बारिश से सुमाह, सुंगल, पंगयाड़ी, रामनगर कालोनी, बोमाल आदि क्षेत्रों में लोगों के घर में पानी घुस गया। खराब मौसम के कारण जम्मू संभाग कई जिलों में दूरसंचार और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रहीं। चिनाब नदी खतरे के निशान के ऊपर बहती रही। संभाग के अधिकांश जिलों में नदी नाले उफान पर रहे। श्रीनगर से जम्मू आने वाली एक उड़ान को डायवर्ट करके चंडीगढ़ भेजा गया। जम्मू-कटड़ा के बीच डीएमयू को रद्द रखा गया। भारी बारिश से धान, मक्का, दालों आदि फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम के मिजाज को देखते हुए 3-4 को जम्मू में होने वाली सीए की परीक्षा को स्थगित किया गया है। क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू में 4 सितंबर को होने वाली परीक्षा अब 15 सितंबर को होगी।