रामबन। मेहाड में बादल फटने के बाद आई बाढ में बहे मां बेटी को तलाशने के लिए अभियान चलाती रेस्क्यू ट?
- फोटो : UDHAMPUR
रामबन। जिले के मेहाड़ इलाके में वीरवार को भारी बारिश के कारण नीरा नाले में अचानक पानी बढ़ गया। इस पानी को ताजा बने मेहाड़ पुल के नीचे से गुजरने को रास्ता नहीं मिला तो पानी पुल के ऊपर से बहा और अपने साथ पुल के पास बने एक घर से मां और उसकी बेटी को बहा ले गया। पुलिस और एसडीआरएफ नाले में दोनों की तलाश करती रही, लेकिन अभी तक उनका कुछ पता नहीं चला है।
जानकारी के अनुसार रामबन में के मेहाड़ इलाके में भारी बारिश से नीरा नाले जलस्तर काफी बढ़ गया था। शुरूआत में यह पानी ताजा बने मेहाड़ पुल के नीचे से गुजरता रहा। लेकिन, जब पानी अधिक मात्रा में आया तो उसे गुजरने के लिए रास्ता नहीं मिला, और पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। तेज बहाव के साथ यह पानी पुल के पास बने एक घर पर गिरा। इस बहाव के साथ घर में मौजूद मां और बेटी बह गए। साथ ही यह घर भी धराशाई हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ ने बचाव कार्य शुरू किया और दोनों लापता मां और बेटी की तलाश शुरू की। यह तलाशी अभियान शाम तक जारी रहा, लेकिन कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी। लापता मां-बेटी की पहचान शब्बीर अहमद शेख की पत्नी शबीना बेगम और उनकी बेटी रजिया बानो निवासी मेहाड़ रामबन के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल का निर्माण करने वाले ठेकेदार ने पुल बनाने के बाद उसके नीचे से मलबा नहीं निकाला। इस कारण पानी को निकलने का रास्ता नहीं मिला और यह अप्रिय घटना हुई।