मौसम विभाग ने जम्मू संभाग में 19 से 21 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि आज जम्मू समेत कश्मीर और लद्दाख संभाग में हलकी से सामान्य बारिश हो सकती है। बारिश से पारा लुढ़कने से मौसम सुहाना हुआ है। वीरवार की रात हुई बारिश से कठुआ जिले के गांव मुट्ठी जागीर में एक ग्रामीण के घर में पानी घुस गया, जिससे दीवार ढह गई। बिलावर के परना नाले में बहने से एक बच्चे की मौत हो गई।
बच्चे की मां को जीएमसी रेफर किया गया है। सरथल में पहाड़ी खिसकने से मलबे के नीचे दबकर 18 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। जम्मू में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 29.6 और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 27.6 दर्ज किया गया है। बनिहाल में अधिकतम तापमान 25.5, बटोत का अधिकतम तापमान 25.6 और भद्रवाह का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा के बेस कैंप पहलगाम में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.5, कुपवाड़ा में अधिकतम तापमान 24.3, गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 18 जुलाई को रियासत के जम्मू, कश्मीर और लद्दाख संभाग में हलकी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने जम्मू संभाग में 19, बीस और 21 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।