जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बालों ने दक्षिण कश्मीर के अरिहाल, पुलवामा में सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया है। सुरक्षाबलों को सूत्रों से मिली खबर के अनुसार इलाके में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की खबर थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक मकान में सुरक्षाबलों को आरडीएक्स समेत हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। इस छापेमारी से पहले आतंकी वहां से भाग खड़े हुए थे। ऐसे में सुरक्षाबलों ने मकान के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों की माने तो हिरासत में लिया गया व्यक्ति आतंकियों का एक ओवरग्राउंड वर्कर है।
एसएसपी पुलवामा मो.असलम चौधरी ने बताया कि अरिहाल के डांगरपोरा में तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस ने 55 आरआर और सीआरपीएफ की 182वीं व 183वीं वाहिनी के जवानों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया। कासो के दौरान जवानों ने बिलाल अहमद गनई पुत्र मोहम्मद अहसान गनई के मकान की तलाशी ली। बिलाल पहले भी एक बार आतंकियों के साथ कथित संबंधों के आरोप में पकड़ा जा चुका है।
पुलिस सूत्रों की माने तो आतंकी बिलाल के ही मकान में छिपे हुए थे। लेकिन वह कासो शुरू होने से पहले ही वहां से निकलने में कामयाब रहे। अलबत्ता, बिलाल के मकान की तलाशी लेते हुए सुरक्षाबलों ने दो किलो आरडीएक्स समेत आईईडी बनाने का सामान, डेटोनेटर, तारें, इलेक्ट्रिक चार्जर,बैटरी, रिमोट कंट्रोल एक्टिवेटिंग उपकरण, पांच मोबाइल फोन, आतंकियों के पाउच, वर्दियां, आईईडी को फिट करने के लिए काटा गया गैस सिलेंडर, पाकिस्तान में निर्मित दवाएं, खाने का कुछ सामान और लश्कर, जैश व हिज्ब से संबधित कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस ने बिलाल अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है।