- रात्रि ड्यूटी खत्म कर सुबह जम्मू लौटते हुए जगती के पास हुआ हादसा, दो दिन बाद बेटी की सगाई थी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नगरोटा के जगती में दर्दनाक सड़क हादसे में एक स्वास्थ्य कर्मी की मौत हो गई। वह ड्यूटी से लौटकर जम्मू की तरफ किसी काम से आ रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। मृतक चुन्नी लाल मूल रूप से कश्मीर के रहने वाले थे और इस समय नगरोटा जगती विस्थापित कैंप में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार चुन्नी लाल नगरोटा स्वास्थ्य केंद्र में बतौर नर्सिंग आर्डलरी (चुतर्थ श्रेणी) कार्यरत थे। वीरवार रात्रि की ड्यूटी खत्म कर वह सुबह जम्मू की तरफ आ रहे थे। तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने चुन्नी लाल को टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जीएमसी जम्मू पहुंचाया गया जहां जांच में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे चुन्नी लाल के कुछ रिश्तेदारों ने बताया कि दो दिन बाद ही चुन्नीलाल की बेटी की सगाई होने वाली थी। उनकी मौत से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। वहीं पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है। अभी तक उसके बारे कोई सुराग नहीं मिला है।