सांबा। कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए जिला अस्पताल को पूरी तरह से लैस कर दिया गया। इसमें ऑक्सीजन से लेकर बिस्तर तक में बढ़ोतरी की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कर्मियों को अधिक वैक्सीन की खुराक लगाने के भी निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त की ओर से भी स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं। अब अस्पताल में तीसरी लहर से लड़ने की तैयारी चल रही है। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर ने काफी कहर मचाया। इसमें जिला अस्पताल को पूरी तरह से लैस किया गया। ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया, बिस्तरों की संख्या सौ तक की गई। स्वास्थ्य कर्मियों को भी सतर्क रखा गया। उन्होंने बताया कि भारत में तीसरी लहर के आने से पहले ही स्वास्थ्य विभाग तैयार है। उन्हें लगता नहीं कि तीसरी लहर अधिक प्रभावित करेगी। फिर भी उनकी ओर से पूरी तैयारी की जा रही है।
ओमिक्रोन को लेकर की जा रही बड़े पैमाने पर स्कैनिंग
विदेश से आने वालों पर रखी जा रही है खास नजर
बचाव के लिए लोगों को किया जा रहा है जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बाड़ी ब्राह्मणा। कोरोना का वैरीअंट ओमिक्रोन भारत में दाखिल हो चुका है। इक्का-दुक्का केस निकल कर सामने आ रहे हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने बड़े पैमाने पर स्कैनिंग शुरू कर दी है। खासकर विदेश से लौटने वालों को पूरे इंतजाम के साथ टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है।
इस वायरस को लेकर बीएमओ शमीम अहमद चौधरी ब्लॉक पुरमंडल ने बताया कि ओमिक्रोन से निपटने के लिए बाड़ी ब्राह्मणा स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाके में बंदोबस्त पुख्ता किए हैं। विदेश से भारत आने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसमें सीएमओ ऑफिस द्वारा लोगों की सूची अलग-अलग ब्लॉक में भेज दी जाती है। जो भी बाहर से आया होता है, उसकी ट्रैकिंग शुरू हो जाती है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से उसके घर जाकर टेस्ट किया जाता है। अगर वह मामूली लक्षणों के साथ दिख रहा है तो उसके साथ ही उसका जिनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट जोकि ओमिक्रोम के लिए किया जाता है। मौके पर ही कर दिया जाता है। उसको घर में ही क्वारंटाइन पर रख दिया जाता है।