आरएस पुरा। कई लोगों के आयुष्मान योजना में नाम पंजीकृत न होने पर लोगों में रोष है। उन्होंने नाम दर्ज करने की मांग कर समाधान की गुहार लगाई है।
राज कुमार गुप्ता ने बताया कि चार माह पूर्व सरकार की ओर से जारी सूची में नाम पंजीकृत न होने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार के लोगों के नाम पंजीकृत कराए जाने के लिए इसमें तहसीलदार सहित अन्य सात और अधिकारियों से मोहर लगवाने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जमा कराने पर भी दिक्कत आ रही है। सीएमओ कार्यालय में नियुक्त कर्मी पहले तो फार्म जमा नहीं करते, अगर करते हैं तो कोई रसीद नहीं दी जाती। राज कुमार ने कहा कि अगर लोगों के आयुष्मान योजना में नाम पंजीकृत नहीं करें तो आवेदन करने का क्या फायदा। तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, ब्लाक मेडिकल अधिकारी सहित आंगनबाड़ी वर्कर्स, सरपंच व पटवारी आदि द्वारा नाम पंजीकृत कराने के लिए कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसके बावजूद भी लोगों के नाम सूची में दर्ज नहीं हो रहे। मोहिंद कुमार का कहना है कि आयुष्मान योजना के लोगों के नाम दर्ज कर बनाई सूची किस आधार पर बनाई गई है। इसकी कोई जानकारी नहीं। कई गरीब व मध्यवर्गीय परिवारों के नाम दर्ज नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि उन लोगों के नाम भी दर्ज किए जाएं जिनके नाम दर्ज नहीं हो पाए। सरवन चौधरी का कहना है कि सीएमओ के कार्यालय में फार्म जमा कराने के बजाय आरएस पुरा ब्लॉक चिकित्सा कार्यालय में जमा कराऐ जाने की व्यवस्था करने के साथ इसकी रसीद दी जाए, पर ऐसा नहीं किया जा रहा।