पंचायत ब्यासपुर परलाह में हृदय रोग जागरूकता व स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। सर्दी के मौसम में बढ़ती धुंध अब सिर्फ दृश्य बाधा नहीं बल्कि हृदय रोगों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। इस समस्या की गंभीरता को पहचानते हुए जीएमसीएच जम्मू के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुशील शर्मा ने रविवार को पंचायत ब्यासपुर परलाह में एक दिवसीय हृदय रोग जागरूकता व स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। डॉ. सुशील ने लोगों को बताया कि वायु गुणवत्ता सूचकांक पर ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 0 से 50 के बीच ए़क्यूआई उत्कृष्ट माना जाता है जबकि 300 से अधिक होने पर अत्यधिक हानिकारक होता है। ऐसी स्थिति में सभी को घर के भीतर रहना चाहिए। डॉ. सुशील ने कहा कि जीवनशैली में सुधार, प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छ ऊर्जा का प्रयोग और शारीरिक सतर्कता से इन दुष्प्रभावों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। ग्रामीणों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में लाभप्रद हैं। शिविर में मरीजों के मुफ्त टेस्ट कर दवाइयां दी गईं। शिविर में 100 से ज्यादा लोगों ने स्वास्थ्य की जांच कराई। डॉ. वेंकटेश येल्लुपु, डॉ. आदित्य शर्मा सहित पैरामेडिक्स और स्वयंसेवकों ने भी सहयोग दिया। आयोजकों में स्थानीय निवासी चमन लाल, दर्शन कुंडल, मनीष कुमार आदि ने योगदान दिया।