अरनिया। बीएमओ बिश्नाह डॉ. घनश्याम सिंह ने अरनिया अस्पताल में एंबुलेंस ड्राइवर की स्थायी तैनाती की है। पिछले पांच साल से अरनिया अस्पताल में एंबुलेंस ड्राइवर की स्थायी तैनाती नहीं हो पाई थी। ज्यादातर ड्राइवर की तैनाती अटैचमेंट पर की जाती थी। इसके चलते आए दिन क्षेत्र के लोगों को एंबुलेंस की सुविधा से दरकिनार रहना पड़ता था। रविवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शव को ले जाने के लिए एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच पाई थी। इसका स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया था। पुलिस ने लोड कैरियर में महिला के शव को अस्पताल पहुंचाया था। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक हमीद जरगर के संज्ञान में मामला आने के बाद सोमवार को अरनिया अस्पताल में एंबुलेंस ड्राइवर की स्थायी तैनाती कर दी है। ड्राइवर की तैनाती होने के बाद क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं में फायदा मिलेगा।