-सभी प्रतिभागियों को सेना ने टी-शर्ट और रिफ्रेशमेंट दी
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चंद्रशेखर आजाद ग्राउंड मल्ले में सेना की 9 जैकलाई रेजिमेंट ने वीरवार सुबह योग सत्र का आयोजन किया। इसमें क्षेत्र के गांवों से करीब 250 लोगों और सी डायट प्रशिक्षुओं ने योगासन किए। स्वस्थ जीवन के लिए रोजाना योगासन करने पर जोर दिया गया।
सेना ने सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट के साथ रिफ्रेशमेंट भी दी। सेना के अधिकारियों ने बताया कि 21 जून को मनाया जाने वाला अंतरारष्ट्रीय योग दिवस एक वैश्विक कार्यक्रम है। ये दिन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली में सुधार के लिए योग को अपनाने पर जोर देता है। इस वर्ष की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक कल्याण और व्यक्तिगत स्वास्थ्य के बीच संबंध पर जोर देती है।योग प्राचीन भारतीय अभ्यास है, जो शारीरिक आसन, श्वास अभ्यास और ध्यान का उपयोग करके समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, बल्कि मानसिक शांति, तनाव से राहत और एकाग्रता में सुधार करने में भी मदद करता है। योग दिवस पर दुनिया भर में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें सामूहिक योग प्रदर्शन, योग कार्यशालाएं और स्वास्थ्य शिविर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि योग को जीवन का हिस्सा बनाकर हम न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि स्वस्थ, खुशहाल और अधिक टिकाऊ समाज के निर्माण में भी योगदान दे सकते हैं। इस मौके पर डीडीसी भूषण बराल, रिटायर्ड सूबेदार दुर्गा दास, कैप्टन रछपाल चंद शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।