एनएचएम ने अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली पर सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की रैंकिंग जारी की
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) जम्मू-कश्मीर ने रविवार को अक्तूबर 2023 के लिए अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (जेके-ई सहज) पर सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की रैंकिंग जारी की। सरकार के एसोसिएटेड अस्पतालों की श्रेणी में मेडिकल कॉलेजों में पहला रैंक कश्मीर नर्सिंग होम श्रीनगर ने हासिल किया है। इसके बाद चेस्ट डिजीज अस्पताल श्रीनगर, जीएमसी कठुआ, साइकाइटरी और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जम्मू हैं। इस श्रेणी में निचले पांच स्थानों में एसएमएचएस श्रीनगर, जीएमसी हंदवाड़ा, जीएमसी उधमपुर, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल श्रीनगर, जीएमसी डोडा और जीएमसी जम्मू शामिल हैं। जिला अस्पतालों की श्रेणी में पहला रैंक जिला अस्पताल बडगाम ने हासिल किया है। उसके बाद डीएच किश्तवाड़, शोपियां, रियासी और जिला अस्पताल सांबा हैं। इस श्रेणी में निचले पांच स्थानों में एमसीसीएच अनंतनाग, जिला अस्पताल बांदीपोरा, जेएलएनएम श्रीनगर, पुंछ और डीएच पुलवामा शामिल हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) की श्रेणी में सीएचसी क्रालगुंड, कुपवाड़ा ने पहला रैंक हासिल किया है। उसके बाद सीएचसी बटोत, रामबन, सीएचसी क्रेमशोर, बडगाम, हाजिन, बांदीपोरा और सीएचसी सौहांजना (जम्मू) हैं। निचले पांच स्थानों में सीएचसी थन्नामंडी, तरयाथ, बनी, जचलदारा और सीएचसी लंगेट शामिल हैं। जेके ई-सहज पहल औपचारिक रूप से चार नवंबर, 2022 को जश्न-ए-सेहत के तहत उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं को जिला अस्पतालों के लिए लांच कर की थी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जेके ई-सहज को रैपिड असेसमेंट सिस्टम (आरएएस), आउटबाउंड कॉलिंग के लिए 104 केंद्रीकृत स्वास्थ्य हेल्पलाइन और एमओएचएफडब्ल्यू, सरकार के आरसीएच पोर्टल के साथ एकीकृत किया गया है। अस्पताल रैंकिंग को विभिन्न श्रेणियों की सुविधाओं यानी सरकार के एसोसिएटेड अस्पतालों के लिए आवंटित किया गया है। मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और सीएचसी की रैंकिंग पंजीकरण, ईएमआर (इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल रिकॉर्ड) के रूपांतरण, आईपीडी रोगियों के पंजीकरण और अक्तूबर 2023 के लिए जेके ई सहज के पोर्टल पर अपलोड किए गए रोगी फीडबैक के आधार पर की गई है।