- 31 दिसंबर तक लाभार्थियों के बनेंगे गोल्डन कार्ड, स्वास्थ्य योजनाओं से जागरूक भी करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना ‘आयुष्मान भव’ का बुधवार को उपजिला अस्पताल कोट भलवाल और मढ़ में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएमओ डॉ. राबिया खान ने की। उन्होंने बताया कि मरीजों को अच्छी स्वास्थ्य सेवा दिलाने के लिए सरकार ने आयुष्मान भव योजना शुरू की है। यह आयुष्मान भव पखवाड़ा 31 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें लोगों को गोल्डन कार्ड बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भव कैंपेन के कई चरण हैं। पहला चरण आयुष्मान आपके द्वार है। इसके तहत पीआरआई सदस्य घर-घर जाकर लोगों को गोल्डन कार्ड के प्रति जागरूक करेंगे। दूसरा आयुष्मान मेला है। इसमें प्रत्येक हेल्थ वेलनेस सेंटर में हर शनिवार को कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच कर लोगों की बीमारी के हिसाब से स्क्रीनिंग होगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के बारे में जानकारी दी जाएगी। तीसरे चरण चाइल्ड स्क्रीनिंग में आरबीएसके की टीम स्कूलों में जाकर बच्चों की स्क्रीनिंग करेगी और रोगों का पता लगाएगी। इस स्वास्थ्य मेले में आभा आईडी कार्ड भी आधार कार्ड की तर्ज पर प्रत्येक लाभार्थी का बनाया जाएगा। मौके पर डीडीसी सदस्य बोधराज बोधी, सीएमओ डॉ. हरबख्श सिंह, बीडीसी सदस्य कुलदीप राज मौजूद रहे। वहीं मढ़ में हुए कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य सुरेंद्र कुमार, एसडीपीओ विशाल शूर, एसडीएम मनू हंसा, एसएचओ संदीप सिंह, बीडीओ कपिल देयोल, आदि उपस्थित रहे।
-
13 दोमाना 1 : उपजिला अस्पताल मढ़ में आयुष्मान भव योजना का शुभारंभ करते अधिकारी व अन्य। संवाद