- संभाग के अन्य जिलों में भी पांव पसार रहा डेंगू का डंग
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर और आसपास के इलाकों में डेंगू तेजी से पांव पसार रहा है। वीरवार को प्रदेश में डेंगू के 19 मामले मिले। इनमें जम्मू से ही 15 मामले हैं और ये अधिकांश शहरी इलाकों में पाए गए हैं। शहर के सरवाल, रिहाड़ी, तालाब तिल्लो, जानीपुर, भठिंडी, त्रिकुटानगर, गांधीनगर, शास्त्रीनगर, पुराने शहर आदि इलाकों से डेंगू के मामले रिपोर्ट हो रहे हैं। अब तक प्रदेश में 172 डेंगू के मामले मिल चुके हैं। इनमें जिला जम्मू से 116 मामले हैं। कठुआ और सांबा में दो-दो मामले मिले हैं।
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए नगर निगम ने वार्ड स्तर पर फाॅगिंग अभियान शुरू किया है। विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों और सितंबर में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी होगी। जम्मू के विभिन्न हिस्सों में निरंतर हो रही बारिश से लारवा पनपने में मदद मिल रही है, जिससे आशंका है कि मच्छरों के हमले बढ़ेंगे। जीएमसी सहित अन्य अस्पतालों में डेंगू पीड़ित पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में वायरल बुखार के मामले भी सामने आ रहे हैं।