घराना वेटलैंड में प्रवासी पक्षी अठखेलियां करते हुए
आरएस पुरा। पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में बर्ड फ्लू की दस्तक होने से आरएस पुरा में पोल्ट्री फार्म को लेकर अधिकारी चौकन्ने हो गए हैं। वे फार्म संचालकों को यह निर्देश देने लगे हैं कि वह अपने फार्म में विशेष सावधानी बरतें और भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्हें बर्ड फ्लू के जरा से भी लक्षण दिखाई दें तो तत्काल ही इस बारे में प्रशासन को सूचित करें। मालूम हो कि आरएस पुरा में 120 पोल्ट्री फार्म हैं।
हिमाचल प्रदेश में बड़े पैमाने पर पक्षियों की मौत हो गई है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर भी प्रशासन सतर्क हो गया है। पोल्ट्री एक्सटेंशन अधिकारी डॉ. माजिद ने कहा कि आरएस पुरा उपजिले में कुल 120 पोल्ट्री फार्म हैं। मुर्गी पालकों को बर्ड फ्लू बीमारी को देखते हुए जागरूक किया गया है। दूसरे राज्यों से आने वाली मुर्गी की जांच लखनपुर में गठित की गई टीम द्वारा की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में बर्ड फ्लू जैसी बीमारी की अभी कोई पुष्टि नहीं हो पाई।
उधर भारत-पाक सीमा पर स्थित घराना वेटलैंड में पहुंचे प्रवासी पक्षियों वन्य जीव संरक्षण विभाग की ओर से नजर रखी जा रही है। सर्दी के दिनों में घराना वेटलैंड में हजारों की संख्या में प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। पड़ोसी राज्य में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद इन प्रवासी पक्षियों पर भी नजर रखी जा रही। फिलहाल अभी तक किसी प्रवासी पक्षी के बर्ड फ्लू बीमारी से पीड़ित नहीं होने के लिए कहा जा रहा है। घराना वेटलैंड में मौजूद वन्य जीव संरक्षण विभाग के चीफ वार्डन सुरेश गुप्ता ने कहा कि वेटलैंड क्षेत्र में पहुंचे प्रवासी पक्षियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अगर कोई प्रवासी पक्षी बीमार दिखता है तो इसके लिए उच्च अधिकारियों को जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।