जम्मू। पिछले एक वर्ष में कोरोना महामारी के चलते घरों में इम्यूनिटी बढ़ाने वाले पौधे लगाने का चलन बढ़ गया है। तुलसी, अश्वगंधा, गिलोए, एलोवेरा, कढ़ी पत्ता जैसे औषधीय पौधों की मांग बढ़ी है। कोरोना वैक्सीन आने के बाद भी लोग इन औषधीय पौधों की खरीदारी कर रहे हैं। कोरोना से पहले भी लोग इन पौधों की खरीदारी करते थे, लेकिन मांग सामान्य से कम रहती थी, लेकिन 2020 से डिमांड में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
छन्नी हिम्मत सेक्ट-2 में ग्रीन सिटी नर्सरी एंड कंसल्टेंसी के प्रभारी संकल्प ने कहा कि पिछले वर्ष से इम्यूनिटी बढ़ाने वाले पौधों की मांग बढ़ी है। कोरोना की पहली लहर में गिलोए की मांग सबसे ज्यादा थी। उस दौरान प्रतिदिन 70 से 100 पौधों की प्रतिदिन खरीदारी होती थी। गिलोए के साथ, एलोवेरा, कढ़ी पत्ता, अश्वगंधा, तुलसी, शतावर पौधों की मांग भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कोविड की वैक्सीन के बाद भी इनकी खरीदारी हो रही है। पौधों की उपलब्धता को लेकर प्रतिदिन फोन कॉल भी आते है और कुछ लोग प्री-बुकिंग भी करते है।
--
इन गुणों से भरपुर हैं ये पौधे
गिलोए: बुखार और कफ दूर करने के लिए काफी उपयोगी माना जाता है। इसके सेवन से शरीर के हानिकारक बैक्टीरिया भी नष्ट होते हैं।
तुलसी: इसके पत्ते व बीज सर्दी-खांसी व बुखार को कम करने में काफी उपयोगी माने जाते हैं।
एलोवेरा: विटामिन से भरपूर होता है और प्रतिरोधात्मक क्षमता को बढ़ाने का काम करता है।
कढ़ी पत्ता: केलोस्ट्रॉल कम करता और मधुमेह के रोगियों के लिए लिए फायदेमंद होता है।