अखनूर। क्षेत्र के गांव वडदाल खुर्द में एक दर्जन से अधिक कौवे एक नाले में मृत पाए गए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत है। उनमें बर्डफ्लू की आशंका व्यक्त की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग को सूचित किया है।
जानकारी के अनुसार गांव वडदाल खुर्द में मंगलवार को ग्रामीणों ने नाले में कुछ कौवों को मृत पड़े देखा। इस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग को सूचित किया। इनकी संख्या करीब दस से पंद्रह के बीच बताई जा रही है। एक साथ इतनी संख्या में कौवों की मौत पर बर्ड फ्लू की आशंका लोगों में हो गई। हालांकि मौके पर प्रशासन टीम नहीं पहुंची है। गांवों वालों ने इस जगह को घेर लिया है। पंच तारा चंद ने कौवों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव से सटे नाले में बड़ी संख्या में कौवों की मौत हुई है। नाले में ही मृत कौवे पडे़ हैं। प्रशासन और पशु चिकित्सा को सूचित किया गया है। आसपास जंगलों में भी छानबीन जारी है ताकि अन्य जगहों पर कोई पक्षी नहीं मरा हो।