अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एटीएम (डेबिट) कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को सिटी थाने की पुलिस ने सोमवार को पकड़ लिया। धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए आरोपित एटीएम रूम में मौजूद उन लोगों को चुनता था जिन्हें कार्ड का इस्तेमाल करना नहीं आता था। खासकर वह बुजुर्गों के कार्ड बदल लेता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी इसके पहले भी एक बार अपने एक साथी के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी में पकड़ा जा चुका है। आरोपी से तीन एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी सिटी पुलिस स्टेशन शक्ति देवी का कहना है कि ग्रेटर कैलाश जम्मू के रहने वाले संतोष कुमार ने रविवार को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह शालामार चौक स्थित जेके बैंक के एटीएम से पैसे निकालने के लिए गया। उन्होंने वहां पर पहले से मौजूद एक व्यक्ति को पैसे निकालने के लिए कहा। उस व्यक्ति ने कार्ड लिया और दो हजार निकाल कर दिए। इसके साथ ही उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। थोड़ी ही देर बाद उसे फोन पर मैसेज आया कि उसके खाते से 10,800 रुपये निकाले गए हैं। इसके बाद वह तत्काल थाने में पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस टीम सक्रियता दिखाते हुए मौके पर पहुंची। एटीएम रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा। इसमें एक व्यक्ति की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने छापा मारकर इंदिरा कालोनी जम्मू के रहने वाले शुभम शर्मा को दबोच लिया। पुलिस ने उससे 38,500 रुपये बरामद किए। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी मिली। आरोपी ने मोटरसाइकिल का नंबर भी गलत लगाया हुआ था।
पुलिस की ओर से पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले जानीपुर में हाईकोर्ट के पास स्थित एक एटीएम से 40 हजार निकाले थे। वर्ष 2024 में उसे बस स्टैंड पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश निवासी विपिन कुमार के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी में गिरफ्तार किया था। बाद में वह जमानत पर छूट गया।