संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। सियालकोट नहर से मिले युवक हर्ष नागोत्रा का पार्थिव शरीर घर पहुंचने की आस टूटती नजर आ रही है। गौरतलब है कि भारतीय सेना ने चार दिन पहले परिजनों को सुचेतगढ़ बॉर्डर से शव भारत लाने का आश्वासन दिया है। मगर अब तक शव घर पर नहीं पंहुचा।
शुक्रवार को हर्ष नागोत्रा के घर पर ब्राह्मण सभा खौड़ के प्रधान चुन्नी लाल सहित अन्य सदस्य पहुंचे। उन्होंने परिजनों के साथ सांत्वना जताई। उन्होंने कहा कि अगर रविवार तक हर्ष का शव घर पर नहीं पहुंचा तो सभा सोमवार को ज्यौड़ियां तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी।
हर्ष के पिता सुभाष चंद्र ने बताया कि हम पिछले चार दिन से अपने बेटे का शव घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। शुक्रवार को पूरा दिन सेना की तरफ से आने वाले मैसेज का इंतजार करते रहे। सुभाष चंद्र ने बताया कि पाकिस्तान में बेटे के शव को दफनाया गया है, जबकि हम अपने बेटे का हिंदू रीति रिवाज के तहत अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। परिजन एलजी मनोज सिन्हा, सांसद जुगल किशोर शर्मा से लेकर भारत सरकार से शव को भारत लाने की मांग कर चुके हैं।