प्रशासनिक अधिकारियों ने आधार शिविर का दौरा कर तैयारियों का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। श्री शिवखोड़ी धाम में सोमवार को कावड़ यात्रा के साथ श्रावण महोत्सव का आगाज होगा। यह महोत्सव पूरे सावन माह में जारी रहेगा। शुक्रवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आधार शिविर रनसू का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
सोमवार सुबह पांच बजे टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर रनसू में योग किया जाएगा। सुबह सात बजे से कांवड़ यात्रा आधार शिविर रनसू से शिवखोड़ी के लिए रवाना होगी। इसमें जिस में स्थानीय लोग रनसू में बह रही गंगा से जल भर के गुफा तक ले जाएंगे। गुफा में स्थापित शिवलिंग की पूजा की जाएगी। साथ ही गुफा के बाहर बनी यज्ञशाला में रुद्राभिषेक की शुरुआत की जाएगी। हवन के संपन्न होने पर रनसू के रिसेप्शन सेंटर में भजन-कीर्तन किया जाएगा।
शुक्रवार को एडीसी और श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के एक्सक्यूटिव ऑफिसर प्रदीप कुमार ने दौरा कर सोमवार से शुरू होने वाले सभी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। महोत्सव के दौरान रोजाना धार्मिक कार्यक्रम रनसू और शिवखोड़ी में किए जाएंगे। वहां आने वाले श्रद्धालुओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।