पहले के जम्मू-कश्मीर और अब के जम्मू-कश्मीर में बदलाव आया है। पहले जम्मू-कश्मीर पथराव की इंडस्ट्री थी और अब यह विकास की इंडस्ट्री है। कानून व्यवस्था में सुधार और राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों पर ध्यान देने से इनवेस्टमेंट भी आ रही है। अब यहां विकास में तेजी आई है। केंद्र सरकार की सहायता से जम्मू-कश्मीर में तेजी से विकास हो रहा है।
कठुआ के बरनोटी में आयोजित भाजपा सरकार के नौ साल बेमिसाल महारैली के साथ ही पार्टी ने 2024 के लिए चुनावी बिगुल भी फूंक दिया है। आम जनता तक सरकार की उपलब्धियों और लोक लुभावन नीतियों को लेकर जाने के लिए कार्यकर्ताओं में भी जोश भर दिया है।
पार्टी की ओर से अपनी सोशल मीडिया टीमें भी सक्रिय कर दी गई हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं को गांव में लोगों के द्वार तक जाकर मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियां बताने के लिए आह्वान किया गया है। दरअसल अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा जमीन तैयार करने में जुट गई है।
इसके तहत सरकार की ओर से पूरी कराई गई योजना का पूरा ब्यौरा तैयार कर जनता के बीच लाया गया है। रविवार को कठुआ के बरनोटी में महारैली के दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा पिछले 9 वर्षों में सांसद के रूप में लाई गई प्रमुख परियोजनाओं को दर्शाने वाली एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसकी प्रतियां कार्यकर्ताओं में भी बांटी गई। पार्टी की ओर से सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मीट का भी आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भेदभाव नहीं करते, वोट की राजनीति से ऊपर उठकर वे सबका समान विकास के मंत्र में विश्वास रखते हैं। मोदी सरकार के तहत ही यह संभव हो पाया है कि आखिरी व्यक्ति तक विकास पहुंच पाया है। उधमपुर, कठुआ, डोडा एक मात्र भारत का ऐसा लोकसभा क्षेत्र है जहां तीन मेडिकल कॉलेज और अत्याधुनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे वाला एम्स है।
यह लोकसभा क्षेत्र बैंगनी क्रांति का जन्मस्थान है, जिसने जीन हजार से अधिक कृषि -प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अप को जन्म दिया है। एफिल टॉवर से भी ऊंचा विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे पुल, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुरंग, सबसे लंबी सड़क सुरंग इसी निर्वाचन क्षेत्र में स्थित हैं। यह बातें केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र
सिंह ने कठुआ के बरनोटी में आयोजित मोदी सरकार के नौ साल बेमिसाल कार्यक्रम के दौरान कहीं। आगे उन्होंने कहा कि मंत्री ने कहा कि उन्होंने भी अपने संसदीय क्षेत्र उधमपुर-कठुआ-डोडा में बिना भेदभाव के विकास किया है। इसका सबसे अच्छा उदाहरण कीड़ियां गंडियाल पुल है।
उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी याद किया। डॉ. सिंह ने कहा कि उधमपुर-कठुआ-डोडा संसदीय क्षेत्र देश के 550 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में से भारत का सबसे विकसित निर्वाचन क्षेत्र है। पिछले नौ वर्षों में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जबरदस्त विकास देखा है। मंत्री ने क्षेत्र के कई विकास कार्य गिनाए। पूर्व मंत्री राजीव जसरोटिया ने भी अपने विचार रखे।