हंदवाड़ा में आतंकियों के दो मददगार गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
हंदवाड़ा पुलिस ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत आतंकियों के दो मददगारों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार हंदवाड़ा पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि कुछ आतंकी इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद हंदवाड़ा पुलिस और सीआरपीएफ की 21आरआर व 92 बटालियन ने संयुक्त अभियान के तहत इलाके में जगह-जगह नाके बनाकर वाहनों और पैदल यात्रियों की चेकिंग शुरू की।
जांच के दौरान चिनार पार्क हंदवाड़ा में बाइक से जा रहे दो लोग सुरक्षाबलों को संदिग्ध लगे। यह बाइक सवार सुरक्षाबलों को देखकर भागने की कोशिश करने लगे लेकिन भाग नहीं सके। शुरुआती जांच में गिरफ्तार लोगों की पहचान लियाकत अहमद और आकिब राशिद मीर के रूप में हुई है। दोनों ही कुपवाड़ा के रहने वाले हैं।
उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं जिसे ये दोनों दक्षिण कश्मीर के आतंकियों में बांटने वाले थे। दोनों के खिलाफ आईए एक्ट की धारा 13, 18, 20 और 38 के साथ ही यूएपीए कानून के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।