संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। अरुण स्पोर्ट्स एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट ने क्रीड़ा भारती जेएंडके के सहयोग से सोमवार को एसडी सभा मैदान में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने के लिए हैंडबाल मैच करवाया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जम्मू फ्रंटियर और अरुण शर्मा स्पोर्ट्स क्लब के बीच मुकाबला हुआ। बीएसएफ ने अरुण शर्मा स्पोर्ट्स क्लब को 30-29 से हराया। मुख्यातिथि क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव मधुमय नाथ ने युवा लड़कों और लड़कियों को सलाह दी कि खेल को जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों अक्षय खजूरिया, धीरज नागपाल और साहिल पाधा की प्रशंसा की। प्रमुख अतिथियों में आरसी वैद, विकास शर्मा, राहुल शर्मा और ओपी केसर शामिल थे। बीएसएफ के सहायक कमांडेंट प्रेम कुमार, गौरव शर्मा, चंदन सिंह चौहान, बचन डोगरा, विजय शर्मा (कोच), मोनिका शर्मा, सोनिया जैन, नीति कौर और अतुला राजपूत मौजूद रहे।
खेलो इंडिया : पेनकैक सिलाट लीग में दिखाई प्रतिभा
जम्मू। खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत हाल में श्रीनगर में दो दिवसीय पेनकैक सिलाट लीग आयोजित की गई थी। इसमें घाटी के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आयोजन खेल सप्ताह के दौरान जम्मू-कश्मीर खेल परिषद द्वारा किया गया। सफल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिलेगा, जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाएगा। लीग में हिस्सा लेने के लिए लड़कियों ने काफी उत्साह दिखाया। यह कश्मीर में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक कदम है। संवाद