हमजा के पिता गुलजार बोले-जिसने गलत रास्ता अपनाया वो मारा गया...परिवार को न मिले सजा
पुलवामा जिले के अरजुमंद गुलजार डार उर्फ डॉक्टर उर्फ हमजा बुरहान के पिता गुलजार अहमद डार ने कहा कि उसके जिस बेटे हमजा ने गलत रास्ता चुना, वह मारा गया है। अब उसकी सजा परिवार के सदस्यों को न दी जाए।
गुलजार ने बताया कि उनका बेटा अरजुमंद 28 जनवरी, 2017 को एमबीबीएस करने पाकिस्तान गया था। मेरी कोई सलाह लिए बिना वह खुद चला गया था। इसके पहले वह राजीव गांधी यूनिवर्सिटी बंगलूरू में पढ़ रहा था। वहां से पहले सेमेस्टर के बाद दिसंबर में घर लौट आया था और जनवरी में वापस चला गया। 13 दिन बाद पता चला कि हमजा पाकिस्तान चला गया है। गुलजार ने बताया कि उसके बेटे के पाकिस्तान जाने की बात जैसे ही पता चली, हमने तुरंत पुलिस और अन्य एजेंसियों को सूचित किया। हमने उससे (अरजुमंद) कहा कि एक महीने का वीजा है वापस आ जाओ लेकिन एक महीने के बाद उसने अपना स्टूडेंट वीजा डाला और कहा कि मैं पाकिस्तान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा हूं।
गुलजार ने कहा, हमने उस संबंध में दस्तावेज भी पुलिस और एजेंसियों के हवाले कर दिए। बदकिस्मती से दो माह बाद पता चला कि उसने गलत रास्ता अपनाया है। इसके बाद हमने उससे संबंध तोड़ लिए। तब से हमारा उससे कोई लेना-देना नहीं था। परिवार ने उसके चलते मुश्किल समय बिताया है।
बड़ा भाई जेल में है बंद
गुलजार ने बताया कि हमजा के पाकिस्तान जाने के बाद मेरे बड़े बेटे शाहिद गुलजार (2019 बैच केएएस क्वालीफाई) को 2022 में गिरफ्तार कर लिया गया। वह पिछले पांच वर्षों जम्मू जेल में बंद है। दूसरा बेटा आरिफ गुलजार जो पीएचडी और नेट क्वालीफाई किया है, उसे रिसर्च के लिए रूस जाना था, लेकिन उसका पासपोर्ट जब्त किया गया है।