रियासत के कई स्थानों पर अगले चौबीस घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बारिश से जम्मू और कश्मीर संभाग के अधिकांश हिस्सों में पारा गिर सकता है। इस बीच मंगलवार को राज्य के अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहे। जम्मू में हलकी बूंदाबांदी हुई। कठुआ में बरसात की पहली तेज बारिश की तरह आसमान से पानी बरसने से किसानों के चेहरे खिल उठे। हालांकि इस बारिश से बिजली सप्लाई भी बुरी तरह से प्रभावित हुई है।
गुलमर्ग 8.5 पारे के साथ सबसे सर्द रहा। कठुआ में सुबह बूंदाबांदी के बाद दोपहर बाद तेज बारिश हुई। बारिश से कठुआ शहर के अलावा बसोहली, महानपुर, बनी में बिजली सप्लाई प्रभावित हुई, लेकिन खरीफ, मक्की और सब्जियों की फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद होगी। उधमपुर में हलकी बूंदाबांदी हुई, मगर चिनैनी, पंचैरी सहित अन्य पहाड़ी इलाकों में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है।
जम्मू में दिनभर धूप के बीच हलके बादल छाए रहे। शाम को हलकी बूंदाबांदी से दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा। रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में भी दिनभर बादल छाए रहे। यहां दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम कम 27.3 और न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में मौसम में ठंडक कायम है। यहां दिन का अधिकतम तापमान 22.8 और न्यूनतम 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 0.5 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 31.1 और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह में न्यूनतम तापमान 12.1, कारगिल में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
बनिहाल में 0.4, कुकरनाग में 0.2 मिलीमीटर बारिश से मौसम सुहावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश हो सकती है।