मौसम साफ होने पर रियासत में माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ विश्वविख्यात गुलमर्ग सबसे सर्द चल रहा है। श्रीनगर में मौसम साफ होने पर पारा सामान्य से ऊपर चला गया। जम्मू में भी पारे में उछाल आया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में घाटी के कुछ हिस्सों में हलकी बारिश हो सकती है, लेकिन जम्मू और लद्दाख में मौसम साफ रहेगा।
इस बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के लगातार पांच दिन से बंद रहने के कारण रास्ते में फंसे एक हजार लोगों तक सेना की डेल्टा फोर्स यूनिट ने गर्म खाना और पानी पहुंचाया। मानवता के आधार पर आपरेशन मेघ राहत दो के तहत चलाए गए इस अभियान में हाईवे पर फंसे लोगों तक राहत पहुंचाई गई।
रविवार को मौसम साफ रहने पर श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीती रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू में अधिकतम 25.5 और न्यूनतम 13.2, लेह में अधिकतम 14.2 और न्यूनतम 0.8, पहलगाम में 14.4 और न्यूनतम 4.0, कारगिल में अधिकतम 12.0 और न्यूनतम माइनस 0.6, कटड़ा में अधिकतम 23.1 और न्यूनतम 11.0 डिग्री दर्ज किया गया।
गांधी नगर क्षेत्र का ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त होगा
विधानसभा स्पीकर कवींद्र गुप्ता ने गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। गुप्ता ने पनामा चौक और नरवाल का भी दौरा किया।
स्पीकर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम बेहतर करने के लिए व्यापक योजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि रिपोर्ट को सरकार के समक्ष पेश कर फंड की व्यवस्था की जा सके। स्पीकर ने सैन्य अस्पताल से बेलीचराना होते हुए निक्की तवी तक 56 करोड़ की लागत से बन रही सड़क का भी जायजा लिया।