कश्मीर में फर्जी पीएमओ अधिकारी के रूप में अपने आपको पेश करने वाले गुजरात निवासी जालसाज किरण भाई पटेल के मामले में जांच पूरी करने के बाद गुजरात पुलिस ने सोमवार को किरण भाई पटेल की हिरासत श्रीनगर पुलिस को सौंप दी, ताकि उसके खिलाफ आगे की जांच की जा सके।
सूत्रों के अनुसार गुजरात पुलिस ने अहमदाबाद क्राइम ब्रांच द्वारा जांच पूरी करने के बाद सोमवार को इस हाई प्रोफाइल मामले को श्रीनगर के निशात पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। किरण भाई पटेल को सेंट्रल जेल श्रीनगर भेजा जाएगा।
अहमदाबाद अपराध शाखा में दर्ज मामले की जांच के लिए अदालत के निर्देश पर किरण को गुजरात पुलिस की एक टीम को सौंपा गया था। पिछले महीने गुजरात निवासी इस शख्स को श्रीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जो कथित तौर पर पीएमओ कार्यालय में अतिरिक्त निदेशक (रणनीति और अभियान) के रूप में अपने आपको प्रस्तुत करता था।
इसे जम्मू-कश्मीर पुलिस की सीआईडी विंग द्वारा प्राप्त विशिष्ट इनपुट पर श्रीनगर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था। किरण भाई पटेल ने धोखाधड़ी, जालसाजी और प्रतिरूपण का सहारा लेकर भोले-भाले लोगों को धोखा दिया है।
जे-प्लस सुरक्षा कवर, एक बुलेटप्रूफ महिंद्रा स्कॉर्पियो एसयूवी, एक पांच सितारा होटल में आधिकारिक आवास और बहुत कुछ हासिल करके धोखेबाज ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा ढांचे को चकमा दिया था। रिपोर्ट के अनुसार किरण भाई पटेल जो जाली तरीकों से जम्मू-कश्मीर पुलिस से सुरक्षा प्राप्त करने में सक्षम था, वह ललित होटल में कमरा नंबर 1107 में रह रहा था।
जालसाज़ ने मध्य कश्मीर के बडगाम जिला, गुलमर्ग, बारामुला में नियंत्रण रेखा (एलओसी) और दुदपथरी सहित कश्मीर में कई स्थानों का दौरा किया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुजरात के किरण भाई पटेल के खिलाफ मामले की जांच के लिए एसपी पूर्वी श्रीनगर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया था।
जम्मू-कश्मीर गृह विभाग ने भी एक जांच शुरू की थी और विजय कुमार बिधूड़ी, आईएएस, संभागीय आयुक्त, कश्मीर को पिछले महीनों के दौरान किरण पटेल की कश्मीर यात्राओं और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जांच के लिए जांच अधिकारी के रूप में नियुक्त किया था।
उन्हें संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों की ओर से हुई चूक की पहचान करने और एक सप्ताह के भीतर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। पूछताछ का समय बीत चुका था, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई।
पुलिस द्वारा जम्मू-कश्मीर के इतिहास में सबसे बड़ी साजिश रचने के आरोप में जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिनों बाद गुजरात पुलिस ने अहमदाबाद स्थित किरण पटेल को हिरासत में ले लिया था। वह कम से कम चार मामलों में वांछित है। मामले की आगे की जांच के लिए सोमवार को किरण पटेल को निशात पुलिस थाने को सौंप दिया गया।