उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में आतंकियों ने पुलिस पार्टी पर ग्रेनेड हमला किया है। इस हमले में दो पुलिसकर्मी गंभार रूप से घायल हो गए है। घटना के तुरंत बाद इलाके में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।पुलिस के प्रवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बारामुला पुलिस द्वारा जिले के जुहामा इलाके में एक नाका लगाया गया था।
इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो आतंकी उस ओर आ रहे थे लेकिन नाका देख वह वापस मुड़ने लगे जिसके बाद वहां तैनात जवानों द्वारा उन्हें रुकने को कहा लेकिन इसी बीच मोटरसाइकिल पर सवार एक आतंकी ने उनकी ओर एक ग्रेनेड फेंका जिसके फटने से मौके पर दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
गौरतलब है कि इस घटना में घायल दोनों जवानों को तुरंत नज़दीक के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया जिनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों द्वारा आस पास के इलाकों में फरार आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।