जम्मू-कश्मीर के 1200 से अधिक लोगों के ईरान में फंसे होने पर लद्दाख से सांसद सेरिंग नामग्याल ने केंद्रीय विदेश मंत्री से उन्हें वहां से सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रबंध करने की गुहार लगाई है। चीन के बाद ईरान में करोना वायरस फैलने की पुष्टि होने के बाद सभी हवाई सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इसके चलते जम्मू-कश्मीर के बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री और छात्रं वहां फंसे हुए हैं।
सांसद सेरिंग नामग्याल ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने लिखा कि लेह और कारगिल के 1200 शिया ईरान तीर्थ यात्रा करने गए थे और वह वहां फंस गए हैं। इन सभी को 28 फरवरी को वापस लौटना था, लेकिन उन्हें बिना कोई जानकारी दिए उनकी एयर टिकट रद्द कर दी गई। वहीं जम्मू-कश्मीर के 250 से ज्यादा छात्र भी ईरान में फंसे हुए हैं।