रियासत में राजनीतिक अस्थिरता के एक महीने लंबे चले दौर के बाद सरकार गठन की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। नई सरकार पीडीपी-भाजपा गठजोड़ की होगी। राज्यसभा चुनाव के लिए पीडीपी की ओर से दो प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही गठबंधन का स्वरूप स्पष्ट हो गया है।
माना जा रहा है कि आपसी सहमति के आधार पर पीडीपी और भाजपा राज्यसभा की दो-दो सीटों पर कब्जा करेंगी। साथ ही अगले कुछ दिनों में इन दोनों दलों की साझा सरकार भी अस्तित्व में आ जाएगी। गठबंधन की औपचारिक घोषणा के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। न्यूनतम साझा कार्यक्रम का मसौदा भी तैयार है।
बस अब दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व के बीच इनके आखिरी स्वरूप पर मुहर लगनी भर शेष है। सियासी पंडितों का मानना है कि दोनों दलों के बीच बातचीत कई दिनों पहले ही फाइनल हो गई है, लेकिन दिल्ली चुनाव के चलते भाजपा की ओर से औपचारिक घोषणा में देरी की जा रही है। वह चुनाव से पहले किसी प्रकार का जोखिम उठाना नहीं चाहती है।