जम्मू। ठोस और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता के लिए गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन जम्मू की एनएसएस इकाई ने कार्यक्रम आयोजित किया। भारतीय प्रदूषण नियंत्रण संघ (आईपीसीए), सूचना शिक्षा और संचार (आईईसी) के सहयोग से स्वच्छता पखवाड़े के तहत ये कार्यक्रम हुआ।
इसमें पूर्व डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा मुख्य अतिथि थीं। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्लास्टिक हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बन गया है, लेकिन प्लास्टिक कचरे का अकुशल पुनर्चक्रण पर्यावरण संबंधी दिक्कत पैदा रहा है। वायु प्रदूषण, जल और मृदा संदूषण का कारण बनता है। इस दौरान संसाधन व्यक्तियों ने छात्रों को अपशिष्ट प्रबंधन के विभिन्न तरीकों के बारे में जागरूक किया।
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. ज्योति परिहार ने छात्रों को सत्र में सीखी गई स्वास्थ्य और स्वच्छता प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक, आईपीसीए जेएंडके के रणवीर सिंह चिब, जिला समन्वयक (शहरी स्थानीय निकाय), आईईसी जेएंडके अंकुश शर्मा व कॉलेज के संकाय सदस्य उपस्थित थे। ब्यूरो