सोशल मीडिया में आचार संहिता से जुड़े जम्मू-कश्मीर सरकार के ताजा आदेश की खासी किरकिरी हो रही है। रियासत के सरकारी अफसर और मुलाजिम सोशल मीडिया पर इस आदेश को लेकर चटखारे ले रहे हैं।
2009 आईएएस बैच के आल इंडिया टॉपर एवं जम्मू कश्मीर स्टेट पावर डेवलपमेंट कारपोरेशन के प्रबंधक निदेशक शाह फैजल ने फेसबुक पेज पर लिखा है कि वह अब अपने फेसबुक अकाउंट को कोड भाषा का प्रयोग कर अपडेट किया करेंगे।
बताते चलें कि बीते मंगलवार को राज्य सरकार ने 18 पन्नों की बाकायदा एक एडवाइजरी जारी कर सरकारी कर्मचारियों के सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर दिशा-निर्देश तय किए हैं। इसमें साफ कहा गया है कि कर्मचारी, सरकार के फैसलों, अपने विभाग के डाटा और रोजाना के कामकाज संबंधी डाटा सोशल मीडिया पर नहीं अपलोड कर सकते।
वह सियासी संदेश जारी करें। सोशल मीडिया पर मर्यादित रहें। उन्हें ये भी कहा गया कि वे सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से जुड़ने से परहेज करें। सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वाले कर्मचारियों को जेल और जुर्माने के साथ नौकरी से भी हाथ धोना पड़ सकता है।
उन पर सरकार कानूनी कार्रवाई हो सकती है।अभिव्यक्ति की आजादी पसंद कई सरकारी अफसर व कर्मियों को ये आदेश बिलकुल नहीं सुहाया। सबसे पहले युवा आईएएस शाह फैजल ने इस एडवाइजरी के खिलाफ मोर्चा खोला।