कटड़ा आने वाली ट्रेनों के समय में होगा सुधार
- फोटो : फाइल फोटो
नवरात्र में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इस दौरान यात्रियों को लेट चल रही ट्रेनों से कोई परेशानी न हो, इसके लिए कटड़ा जाने वाली ट्रेेनों की समय सारिणी में सुधार किया जाएगा। रेलवे ने कटड़ा जाने वाली पांच ट्रेनों के समय को हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर 16, 17 और 18 सितंबर को विनियमन करने का निर्णय लिया है।
21 सितंबर से नवरात्र शुरू हो रहे हैं।
इस समय ट्रेनें लेट चलने से माता वैष्णो देवी के दर्शन करने आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। यात्रियों की इस समस्या को देखते हुए रेलवे ने विभिन्न स्थानों से कटड़ा आने वाली पांच ट्रेनों को समय से चलाने के लिए कदम उठाया है। रेलवे की ओर से मिली जानकारी के अनुसार नवरात्र के दौरान कटड़ा जाने और आने वाली कोई ट्रेन लेट न हो इस पर ध्यान दिया जा रहा है।
इसके चलते ही कन्याकुमारी, मंगलोर सेंट्रल, जबलपुर, चेन्नई सेंट्रल, कोटा से चलकर कटड़ा आने वाली ट्रेनों को समय से चलाने के लिए हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर रात 11 बजे तक विनियमित किया जाएगा। तीन दिन तक यह प्रक्रिया चलेगी, क्योंकि इन पांच ट्रेनों में से चार ट्रेनें सप्ताह में एक बार आती हैं।