- पांच घंटे चला आपरेशन, आरी से कट गई थी रक्त वाहिकाएं, हाथ में नहीं हो रहा था खून का संचार
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जीएमसी में पांच घंटे तक चली माइक्रोवैस्कुलर सर्जरी में डॉक्टरों की एक टीम ने मरीज उत्तम निवासी बजालता का दाहिना हाथ बचा लिया। वह आरा मिल में मजदूर है। चार जुलाई को बिजली की आरी से रक्त वाहिकाओं, नसें कट गई थीं।
रोगी की अंगुलियों की संतृप्ति शून्य थी और हाथ में रक्त का संचार नहीं हो रहा था। डॉ. रत्नाकर शर्मा के नेतृत्व में ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. प्रियंका सीनियर रेजिडेंट, डॉ. विनीत शर्मा, डॉ. सूर्यांश और एनेस्थीसिया विभाग की टीम डॉ. अनीता और डॉ. अमनप्रीत सीनियर रेजिडेंट शामिल थे। पांच घंटे तक ऑपरेशन चला और रोगी का हाथ बचा लिया गया। ऐसी दुर्लभ सर्जरी में निजी क्षेत्र में लाखों रुपये खर्च होते हैं जो जीएमसी जम्मू में मुफ्त में की जाती है।