जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी के प्रमुख गुलाम नबी आजाद एक बार फिर केंद्र सरकार के समर्थन में आए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश में आतंकवाद और पत्थरबाजी पर काबू पाने में सफल हुई है। हालांकि केंद्र ने कुछ ऐसे भी काम किए जो प्रदेश की जनता के हित में नहीं थे, जैसे कि अनुच्छेद 370।
गुलाम नबी आजाद ने कहा, 'ऐसे कई काम हैं जो केंद्र को यहां नहीं करने चाहिए थे, जैसे अनुच्छेद 370 हटाना यहां के लोगों के हित में नहीं था लेकिन एक बात तय है कि आतंकवाद और पथराव की घटनाओं पर रोक लगी है।' आगे उन्होंने कहा कि पुंछ और राजोरी में जो घटनाएं हुई हैं वो चिंता का विषय हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवाद किसी के हित में नहीं है। इससे आम लोगों को ही नुकसान झेलना पड़ता है।
पैंथर्स के कार्यकारी अध्यक्ष पीके गंजू समेत कई नेता डीपीएपी में शामिल
इससे पहले शनिवार को डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद की मौजूदगी में नेशनल पैंथर्स पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष पीआर गंजू, व्यापारी सुरेंद्र कुमार, जोगेंद्र पाल कोहली, श्वेता डोगरा, दर्शना देवी, रीता देवी, रेखा आदि पार्टी में शामिल हो गए। आजाद ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि डीपीएपी ही एकमात्र प्रदेश में ऐसी पार्टी है जो जन आकांक्षाओं को पूरा करने का रोडमैप तैयार कर चुकी है।