पंचैरी के सद्दल में प्राकृतिक घटना की जांच के लिए जियोलाजी एंड माइनिंग डिपार्टमेंट की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर बने हुए तालाब का भी जायजा लिया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जियोलाजी एंड माइनिंग डिपार्टमेंट की टीम सद्दल पहुंची थी।
जहां ग्रामीणों ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह के समय तालाब वाले स्थान पर एक जोरदार धमाका हुआ था। धमाके के बाद पूरा सद्दल गांव ही भूस्खलन का शिकार होकर मिट्टी में मिल गया था। कुछ समय के बाद धमाके वाले स्थल सभी ने देखा कि एक तालाब बना हुआ था। आज भी यह तालाब मौके पर मौजूद है। शनिवार को भी टीम ने तालाब और आसपास के इलाकों में पूरी जांच की और ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी हासिल की।