कश्मीर में जी-20 बैठक को लेकर शहर में भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों के नाके लगा दिए हैं। पुलिस की तरफ से ड्रोन की मदद से प्रमुख चौक-चौराहों, स्थलों और धार्मिक स्थानों की निगरानी की जा रही है।
शुक्रवार के साथ शनिवार को कई जगहों पर पुलिस की तरफ से गहन तलाशी अभियान चलाया गया। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की गई। लोगों के आई कार्ड चेक किए गए। तवी नदी के आसपास के इलाकों में भी सख्ती की गई।
उधर, सेना की ओर से कई जगहों पर क्यूएटी वाहनों को तैनात किया है। साथ ही सीमांत इलाकों में गश्त बढ़ा दी है, खासकर अपने कैंपों, यूनिटों और अन्य प्रतिष्ठानों के बाहर। पुलिस की तरफ से होटलों में चेकिंग शुरू की गई है।
ज्यूल, गुम्मट, चांद नगर के होटलों को खंगाला गया है। 25 मई तक हर शाम होटलों की जांच होगी। यहां रुकने वाले लोगों की भी जानकारी जुटाई जाएगी। होटल मालिकों से कहा है कि सभी प्रकार के मेहमानों की जानकारी रखें।
अर्धसैनिक बल भी तैनात
सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। हथियारबंद जवानों को हर समय सतर्क रहने के लिए कहा है। संदिग्ध व्यक्ति पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश हैं।
सुंजवां, चौआदी, सिद्धड़ा, रैका, छन्नी इलाकों में पुलिस ने साधी वर्दी में कर्मियों को लगाया है। कुछ संदिग्ध इलाकों की पहचान की गई है, जहां कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
अहम रणनीति पर किए गए प्रबंध
एसएसपी जम्मू चंदन कोहली का कहना है - सुरक्षा को लेकर अहम रणनीति बनाई है। कई तरह के बंदोबस्त किए हैं। तकनीकी ढांचा सक्रिय है।
पुलिस ने शहरवासियों को संपर्क में लेकर कहा है कि कहीं पर कोई संदिग्ध या वस्तु दिखने पर तुरंत सूचित करें। एसएसपी का कहना है कि सीमांत इलाकों में भी गश्त बढ़ा दी गई है। इसके अलावा नेशनल हाईवे पर नाकों को मजबूत किया गया है।