केमिस्ट्री लैब में प्रयोगों को समझते छात्र स्रोत - आईआईटी
- आईआईटी जम्मू में शैक्षणिक दौरे में छात्रों ने देखे विज्ञान के लाइव प्रयोग
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आईआईटी जम्मू पहुंचे स्कूल छात्रों ने शुक्रवार को विज्ञान और इंजीनियरिंग की दुनिया को करीब से देखा। लैब में लाइव प्रयोग, मशीनों के डेमो और तकनीकी गतिविधियों के जरिए छात्रों ने किताबों में पढ़े सिद्धांतों को व्यवहार में समझा। आर्यन पब्लिक स्कूल के 11वीं और 12वीं कक्षा के 92 छात्रों ने इस शैक्षणिक दौरे में हिस्सा लिया।
दौरे के दौरान छात्रों ने आईआईटी जम्मू की विभिन्न प्रयोगशालाओं और तकनीकी सुविधाओं का दौरा किया। केमिस्ट्री लैब में डॉ. भूपिंदर सिंह ने पॉलिमर पर प्रैक्टिकल डेमो दिया। छात्रों ने नायलॉन बनाने की प्रक्रिया भी देखी। इसके अलावा पानी के भाप बनने और फिर तरल में बदलने से जुड़े प्रयोगों की जानकारी भी दी गई। फिजिक्स लैब में छात्रों को रोजमर्रा की जिंदगी में भौतिक विज्ञान के इस्तेमाल के बारे में बताया गया। इसके बाद छात्रों ने सेंट्रल वर्कशॉप का दौरा किया। वहां उन्हें कच्चे माल की प्रोसेसिंग, स्पेयर पार्ट्स डिजाइन और आधुनिक निर्माण तकनीकों की जानकारी दी गई। दौरे के दौरान विशेषज्ञों और लैब स्टाफ ने छात्रों के साथ इंटरएक्टिव सत्र भी किए। छात्रों ने उत्साह के साथ सवाल पूछे और प्रयोगों को करीब से देखा।