मंडलायुक्त कश्मीर रोहित कंसल ने जिला उपायुक्तों को बाढ़ पीड़ितों को नि:शुल्क राशन के वितरण को सुनिश्चित बनाने के लिए तमाम प्रयास करने को कहा है। कंसल ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कश्मीर के सभी जिला उपायुक्तों से नि:शुल्क राशन के वितरण का जायजा लिया।
उन्होंने जिला उपायुक्तों से कहा कि कश्मीर के सभी बाढ़ पीड़ितों को नि:शुल्क राशन मिले, इसके लिए सभी उचित कदम उठाए जाएं। इस अवसर पर उपभोक्ता और जन वितरण विभाग के सचिव बशीर अहमद खान ने संबंधित जिला उपायुक्तों से कहा कि वह यह निगरानी रखें कि उनके जिलों के बाढ़ पीड़ितों को नि:शुल्क राशन का वितरण हो।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता और जन वितरण विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए है कि वह मौजूदा महीने के राशन का कोटा गोदामों से ले लें। उन्होंने सीएपीडी विभाग के संबंधित सहायक निदेशकों को इस संबंध में अपनी रिपोर्ट दैनिक आधार पर मंडल प्रशासन को सौंपने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त अपने जिलों की एलपीजी और मिट्टी के तेल की मांग को भी बताएं। इसके आधार पर एलपीजी और मिट्टी के तेल का कोटा जारी कर दिया जाएगा। इस अवसर पर श्रीनगर, बडगाम के जिला उपायुक्तों के अलावा सूचना निदेशक और विभिन्न गैस और आयल कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।